कोरबा। नगर पालिका परिषद दीपका के गुरुनानक वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद अविनाश सिंह लड्डू ने पाली रोड पर संचालित देशी-विदेशी शराब दुकान को बंद कराने की मांग प्रशासन से की है। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर कुणाल दुदावत और सहायक जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राकेश राठौर को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि दीपका के मुख्य मार्ग पाली रोड पर घनी आबादी के बीच संचालित शराब दुकान के कारण आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विशेषकर स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं के लिए स्थिति असहज हो रही है। वार्डवासियों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही हैं और कई बार नशे में धुत लोगों की हरकतों से अप्रिय स्थितियां भी बन चुकी हैं।
पार्षद ने बताया कि क्षेत्र में मारपीट और धमकी की घटनाएं भी सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय लोग भय और असुरक्षा का माहौल महसूस कर रहे हैं। कोयलांचल क्षेत्र में इस तरह के हालात ठीक नहीं हैं, इसलिए पाली रोड में संचालित शराब दुकान को बंद किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पूर्व में कांग्रेस शासनकाल के दौरान तत्कालीन विधायक पुरुषोत्तम कंवर, नगर पालिका अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा शराब दुकान हटाने के लिए आंदोलन किया गया था, लेकिन बाद में यह मामला ठंडे बस्ते में चला गया। अब पुनः वार्डवासियों की मांग पर इस दुकान को बंद कराने की मांग उठाई गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















