गौमुखी सेवा धाम में धूमधाम से मनाया जाएगा चैत्र नवरात्रि, विभिन्न शक्तिपीठों की ज्योति के होंगे दर्शन

कोरबा। देवपहरी स्थित गौमुखी सेवा धाम में सिद्धिदात्री माता के पावन प्रांगण में इस वर्ष चैत्र नवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर प्रबंध समिति की बैठक आयोजित कर विभिन्न व्यवस्थाओं और कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा आवश्यक निर्णय लिए गए।

बैठक में बताया गया कि नवरात्रि के नौ दिनों तक मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके साथ ही मंदिर परिसर में साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुविधा, जल व प्रसाद वितरण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की जाएगी। आयोजन में आसपास के लगभग 40 गांवों के प्रमुख लोग सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

इस दौरान श्रद्धालुओं को दरबार में अखंड रूप से प्रज्वलित हो रही ज्वालामुखी, वैष्णो देवी मंदिर, कालका देवी पावागढ़ और मीनाक्षी मंदिर की पावन ज्योति के दर्शन भी प्राप्त होंगे, जिससे आयोजन की आध्यात्मिक गरिमा और बढ़ जाएगी।

बैठक में पूर्व सरपंच धन सिंह कंवर, हरी यादव, अनार सिंह, सत्यनारायण कंवर,धर्म सेना गढ़ उपरोड़ा के राजाराम राठिया, छतर पाल, रामू विश्वकर्मा, मान सिंह, बलराम यादव, गोपाल देवांगन, सूरज यादव, धनीराम पंडो, शीला मंझवार सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।