कोरबा। कोरबा ब्लॉक के लेमरू गांव में निरीक्षण के दौरान एक रोचक और प्रेरक दृश्य देखने को मिला। वनवासी बच्चों ने जब अपने सामने कलेक्टर कुणाल दुदावत को देखा तो वे झिझक के कारण कुछ देर के लिए शांत हो गए।
कलेक्टर ने बच्चों को सहज करने के लिए उन्हें एबीसीडी सुनाने पर टॉफी देने का ऑफर दिया। इसके बाद एक बच्चे ने आत्मविश्वास के साथ अंग्रेजी की वर्णमाला सुनाई। बच्चे की प्रस्तुति से खुश होकर कलेक्टर ने खुद ताली बजाई और अन्य बच्चों को भी ताली बजाकर उसका उत्साह बढ़ाने को कहा। इस पर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कलेक्टर ने बच्चों से रंगों के नाम भी पूछे और सही जवाब देने वाले बच्चों को टॉफी देकर प्रोत्साहित किया। उन्होंने अन्य बच्चों को भी मन लगाकर पढ़ाई करने और नई चीजें सीखने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को सिखाई जा रही आदतों, अक्षर ज्ञान, रंगों की पहचान और खेलकूद संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को दिए जाने वाले पोषण आहार के बारे में भी पूछताछ की।
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मुक्तिलता कुजूर से बच्चों के ग्रोथ चार्ट और पोषण ट्रैकर में दर्ज जानकारी की समीक्षा की तथा कुछ बच्चों का वजन भी कराया। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र में दर्ज सभी बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान कलेक्टर ने लेमरू में डीएमएफ मद से निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का भी निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

