महिला दिवस पर स्व-सहायता समूह की दीदियों का सम्मान, जागृति महिला मंडल ने बढ़ाया उत्साह

कोरबा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जागृति महिला मंडल द्वारा कटघोरा बस स्टैंड स्थित गढ़कलेवा में श्रीया महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं का शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा।

इस अवसर पर जागृति महिला मंडल की अध्यक्ष गीतांजली तिवारी ने कहा कि 8 मार्च का दिन महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक उपलब्धियों का सम्मान करने का वैश्विक अवसर है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं का मनोबल बढ़ता है और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलती है।

उन्होंने बताया कि गढ़कलेवा से जुड़कर कई महिलाएं आज स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रही हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।

कोरबा जिले में श्रीया महिला स्व-सहायता समूह महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण बन चुका है। इस समूह से लगभग 250 महिलाएं जुड़कर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्वरोजगार कर रही हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।