बोर्ड परीक्षा में बड़ी लापरवाही: प्राचार्य पर कार्रवाई की सिफारिश, बहू के परीक्षा कक्ष में घूमते पाए गए

कोरबा। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरिया के प्राचार्य ललित कुमार चंद्रा की संदिग्ध गतिविधियों को लेकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को जांच रिपोर्ट सौंपी है, जिसमें उनके खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।

दो बार पकड़े गए प्राचार्य
उड़नदस्ता टीम ने 27 फरवरी और 2 मार्च को परीक्षा केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया था। 27 फरवरी को कक्षा 12वीं के जीव विज्ञान विषय की परीक्षा के दौरान प्राचार्य चंद्रा बिना किसी ड्यूटी के परीक्षा कक्षों में घूमते पाए गए। टीम ने उन्हें समझाइश देते हुए परीक्षा अवधि में विद्यालय में उपस्थित नहीं रहने की हिदायत दी थी। अधिकारियों के अनुसार यह कृत्य शासकीय कार्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता को दर्शाता है, जो छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के विपरीत है।

बहू के परीक्षा कक्ष में घूमना बना संदिग्ध
2 मार्च को कक्षा 12वीं के गणित विषय की परीक्षा के दौरान प्राचार्य चंद्रा फिर से परीक्षा कक्षों में घूमते पाए गए। उसी दिन उनकी बहू भी 12वीं की परीक्षा में शामिल थी, जिसके चलते उनकी उपस्थिति को अत्यधिक संदिग्ध माना गया। उड़नदस्ता टीम और केंद्राध्यक्ष द्वारा बार-बार समझाइश देने के बावजूद उनके द्वारा परीक्षा कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने की बात रिपोर्ट में उल्लेखित है।

बीईओ ने की कार्रवाई की सिफारिश
विकासखंड शिक्षा अधिकारी पोड़ी उपरोड़ा ने इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजा है। उन्होंने प्राचार्य के खिलाफ आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करने की अनुशंसा की है। यह जांच रिपोर्ट अब जिला शिक्षा अधिकारी के पास भेज दी गई है, जहां से आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।