5 से 17 वर्ष के विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक आधार अपडेटअनिवार्य, स्वनिधि लोन 10 मार्च तक स्वीकृत करने के निर्देश        

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने समय-सीमा बैठक में फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा कर विभागों को दी सख्त निर्देश

कोरबा।कलेक्टर कुणाल दुदावत ने समय-सीमा (टीएल) बैठक में जिले में संचालित विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए सभी विभागों को कार्यों में तेजी, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीएल से संबंधित प्रकरणों की अद्यतन जानकारी बैठक के एक दिन पूर्व अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए।

विद्यार्थियों के आधार और अपार आईडी पर जोर
कलेक्टर ने 5 से 17 वर्ष आयु वर्ग के सभी विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक आधार अपडेट कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूली छात्रों के अपार आईडी और आधार कार्ड निर्माण को प्राथमिकता देने को कहा।

स्वनिधि योजना के लंबित प्रकरण 10 मार्च तक निपटाएं
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लंबित ऋण प्रकरणों को 10 मार्च तक स्वीकृत कराने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने लीड बैंक प्रबंधक को सभी बैंकों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा।

स्वास्थ्य विभाग को आभा आईडी और आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण में तेजी लाने, सिकल सेल एवं एनसीडी स्क्रीनिंग के लक्ष्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

राजस्व प्रकरणों में विलंब पर नाराजगी
अविवादित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन प्रकरणों में विलंब पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने भुइयाँ पोर्टल पर भूमि अभिलेख अद्यतन करने, ऋण पुस्तिका वितरण में तेजी लाने और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत समयसीमा में कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भैसमा तहसील के ग्राम डोंगदरहा में राइस मिल के नाम पर अवैध कब्जे की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पटवारी को नोटिस जारी कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जल संरक्षण और पेयजल पर विशेष फोकस
पीएचई विभाग को जलशक्ति अभियान के तहत रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने तथा नगरीय निकायों को भवन अनुमति के समय इसे अनिवार्य रूप से लागू करने को कहा गया। गर्मी को देखते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ रखने और जल जीवन मिशन के लंबित कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।

अन्य योजनाओं की समीक्षा
महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी निर्माण कार्यों की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और मातृत्व वंदना योजना की प्रगति सुनिश्चित करने को कहा गया।

विद्युत विभाग को पीएम सूर्यघर योजना में पंजीयन, इंस्टॉलेशन और सब्सिडी की अद्यतन जानकारी देने के निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी) के तहत स्वीकृत आवासों को लक्ष्य अनुसार पूर्ण करने और आगामी लक्ष्यों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी जारी किए गए।

बैठक में कटघोरा डीएफओ कुमार निशांत, कोरबा डीएफओ प्रेमलता यादव, निगमायुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।