कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कोटपा एक्ट के कड़ाई से पालन के दिए निर्देश,एक माह में सभी शिक्षण संस्थान होंगे तंबाकू-मुक्त

14446 और 1933 हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार करने पर जोर

कोरबा।जिले में मादक पदार्थों की उपलब्धता, सेवन और अवैध बिक्री पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नारकोटिक्स को-ऑर्डिनेशन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बढ़ती नशे की गतिविधियों पर प्रभावी और समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध बिक्री, भंडारण या उपयोग की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि शैक्षणिक परिसरों के आसपास प्रतिबंधित तंबाकू एवं मादक सामग्री बेचने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही एक माह के भीतर सभी स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थानों को तंबाकू-मुक्त क्षेत्र घोषित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

नशामुक्ति को जन-आंदोलन का रूप देने पर बल देते हुए कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को निर्देश दिए कि भारत माता वाहिनी के माध्यम से प्रत्येक विकासखंड में साप्ताहिक नशामुक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। स्कूलों, कॉलेजों एवं आश्रम-छात्रावासों में रंगोली, चित्रकला, निबंध और भाषण जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित कर विद्यार्थियों को जागरूक करने तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कृत करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में बताया गया कि जिले के सभी मेडिकल स्टोर्स में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से स्थापित कराए जा चुके हैं।

नए मेडिकल लाइसेंस जारी करते समय भी इसे अनिवार्य शर्त बनाया गया है। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि सीसीटीवी की निगरानी दुकान के बाहर तक स्पष्ट दिखाई दे। औषधि निरीक्षक एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा स्वापक एवं मनःप्रभावी दवाओं के क्रय-विक्रय, डॉक्टर के पर्चे और स्टॉक का नियमित मिलान सुनिश्चित करने को कहा गया।

संवेदनशील क्षेत्रों, स्कूलों और कॉलेजों के आसपास विशेष निगरानी रखने तथा नशापान कर लोगों को परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश संबंधित एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों को दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि प्रशासनिक सख्ती के साथ जनभागीदारी भी आवश्यक है। राज्य स्तरीय टोल फ्री नंबर 14446 तथा एंटी नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 का शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि आम नागरिक भी नशे के विरुद्ध अभियान में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

बैठक में वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत, प्रेमलता यादव, निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, सीएमएचओ डॉ. एस. एन. केशरी सहित पुलिस, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।