कोरबा। कोरबा वन मंडल में डीएफओ प्रेमलता यादव की पदस्थापना के बाद भी लकड़ी तस्करी और अवैध वृक्ष कटाई के मामलों में कमी नहीं आ रही है। जंगलों के भीतर हरे-भरे पेड़ों की कटाई कर लकड़ी को सिलपट बनाकर खपाया जा रहा है। कमजोर मुखबिरी और कथित सांठगांठ के चलते चुनिंदा मामलों में ही कार्रवाई हो पा रही है, जबकि वास्तविक स्तर पर अवैध कटाई का दायरा कहीं अधिक बताया जा रहा है।
कोरबा वन मंडल अंतर्गत करतला वनपरिक्षेत्र में आए दिन भारी मात्रा में पेड़ों की कटाई से वन संपदा को नुकसान पहुंच रहा है। लकड़ी तस्कर रातों-रात पेड़ों की कटाई कर ट्रकों में लकड़ी भरकर फरार हो जाते हैं। पड़ोसी जिलों के तस्करों की सक्रियता भी सामने आ रही है।
इसी क्रम में 1 मार्च की रात बरपाली बीट के ग्राम सण्डैल में तस्करी की सूचना पर वन विभाग की टीम ने छापेमारी की।
उप वनमंडलाधिकारी (दक्षिण कोरबा) के निर्देशन में गठित टीम ने मौके पर टाटा माजदा वाहन क्रमांक CG16CJ1651 में लकड़ी लोड करते हुए आरोपियों को पकड़ा। दस्तावेज मांगने पर कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

वन विभाग ने वाहन सहित ट्रक भर लकड़ी जब्त कर कोरबा वन डिपो भेज दिया। मामले में अक्षय कुमार पिता बीर सिंह सतनामी, ग्राम पचपेड़ी, जिला बिलासपुर के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई में प्रभारी वनपरिक्षेत्र अधिकारी श्रीमती अर्चना पैकरा सहित कपिल कुमार कंवर, हरिनारायण बंजारे, विजेंद्र नेटी, चंद्रशेखर कंवर और प्रतीक तिवारी की विशेष भूमिका रही। वन विभाग ने अवैध कटाई के विरुद्ध आगे भी सख्त अभियान जारी रखने की बात कही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















