होली के रंग में घुला सियासी रंग, 4 मार्च को शक्ति प्रदर्शन की होगी परीक्षा

कांग्रेस और भाजपा के अलग-अलग होली मिलन समारोहों से शहर की राजनीति गरमाई, भीड़ पर टिकी सबकी नजर

कोरबा।इस बार होली का त्योहार केवल अबीर-गुलाल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शहर में राजनीतिक रंग भी खुलकर दिखाई देंगे। 4 मार्च, बुधवार को आयोजित अलग-अलग होली मिलन समारोहों को सियासी हलकों में शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। शहर के राजनीतिक विश्लेषक और आमजन यह जानने को उत्सुक हैं कि किस आयोजन में किस नेता के समर्थन में कितनी भीड़ उमड़ती है।

कांग्रेस खेमे में सक्रियता
कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल द्वारा दर्री रोड स्थित स्वर्ण सिटी में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक भव्य होली मिलन समारोह आयोजित किया जा रहा है।

गौरतलब है कि 2 मार्च को उनके जन्मदिन पर निवास पर समर्थकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने पहले ही राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी थी। अब होली मिलन समारोह को उसी कड़ी का अगला कदम माना जा रहा है।

भाजपा में एक दिन, तीन आयोजन
भाजपा खेमे में भी एक ही दिन तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम तय हैं।

प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन अपने चारपारा कोहड़िया स्थित निवास पर सुबह 9 से 12 बजे तक होली मिलन कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

पूर्व महापौर योगेश लांबा रानी रोड धनवारपारा स्थित निवास पर समर्थकों के साथ होली मनाएंगे।

वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने चित्रा टॉकीज प्रांगण में होली मिलन समारोह का आमंत्रण जारी किया है।

भीड़ पर टिकी निगाहें
शहर में इन आयोजनों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है। राजनीतिक हलकों में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि किस नेता के कार्यक्रम में अधिक भीड़ जुटती है और किसका जनाधार अधिक मजबूत नजर आता है।

होली के बहाने शहर में सियासी सरगर्मी चरम पर है। अब 4 मार्च को रंगों के साथ-साथ राजनीतिक ताकत का रंग भी साफ दिखाई देगा।