तेज रफ्तार ई-रिक्शा की टक्कर से महिला गंभीर, चालक फरार

कोरबा। जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहरू नगर दुर्गा चौक के पास सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने बाइक सवार दंपती को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार निर्मला राजपूत अपने पति मोहन सिंह के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। जैसे ही वे नेहरू नगर दुर्गा चौक के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे ई-रिक्शा चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि निर्मला राजपूत सड़क पर गिर पड़ीं और उनके सिर में गंभीर व आंतरिक चोटें आईं।

घटना के तुरंत बाद ई-रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ई-रिक्शा चालकों की तेज रफ्तार और लापरवाही लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है।

लोगों ने फरार चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और ऐसे लापरवाह चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।घटना के दौरान सड़क से गुजर रही एक मां-बेटी भी इस हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर बेहद भीषण थी और बड़ा हादसा हो सकता था।पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।