जनदर्शन में पेंशन,अतिक्रमण व बिजली बिल संशोधन सहित 43 आवेदन, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

कोरबा। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आमजनों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जिले के दूरस्थ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद कर उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणों के शीघ्र, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।

जनदर्शन में आधारभूत संरचना एवं राजस्व से जुड़े विभिन्न विषयों पर कुल 43 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें नई सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण, विद्युत आपूर्ति, फौती नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, मुआवजा, पेंशन, तालाब गहरीकरण, अतिक्रमण हटाने तथा बिजली बिल संशोधन से संबंधित प्रकरण शामिल रहे।

कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने तथा प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन शासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद का सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाना प्राथमिकता है।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।