कोरबा । कोरबा-पाली- तानाखार विधानसभा क्षेत्र के विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम ने क्षेत्र के जलाशयों और नहरों के रखरखाव एवं मरम्मत में कथित अनियमितताओं को लेकर राज्य सरकार पर सीधा हमला बोला है।
विधानसभा के आगामी बजट सत्र 2026 में उन्होंने मुख्यमंत्री से तारांकित प्रश्न के माध्यम से पिछले चार वर्षों (2022 से जनवरी 2026 तक) के खर्च का पूरा ब्योरा मांग लिया है।
विधायक श्री मरकाम ने विशेष रूप से नया सुधार और विशेष सुधार मद के तहत स्वीकृत राशि, कार्यों की प्रगति, खर्च का विवरण और प्राप्त परिणामों की विस्तृत जानकारी मांगी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के जलाशय और नहरें हजारों किसानों की आजीविका का आधार हैं। समय पर मरम्मत न होने से नहरें कई जगहों पर टूटी-फूटी हो चुकी हैं, जिसके कारण खेतों तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इसका सीधा प्रभाव कृषि उत्पादन पर पड़ रहा है और किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
विधायक ने मांग की है कि जल उपभोक्ता संस्थाओं (Water Users Associations) की जवाबदेही तय की जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। इस मुद्दे पर सियासत तेजी से गरमा गई है।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) के जिला अध्यक्ष विदवान सिंह मरकाम ने भी सरकार को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल संरचनाओं की मरम्मत और रखरखाव में सुधार नहीं हुआ तो किसानों के साथ बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।
यह मामला अब क्षेत्रीय राजनीति में गरमागरम बहस का विषय बन चुका है, क्योंकि सिंचाई सुविधाओं की खराब स्थिति किसानों के लिए जीवन-मरण का सवाल बन गया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















