चरित्र शंका में पत्नी की डंडे से पीटकर हत्या, आरोपी पति हिरासत में

कोरबा।जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़धुवा गांव में चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी फूलजेन तिर्की अपने बड़े बेटे के साथ गोवा में मजदूरी करता था और बीती रात ही गांव स्थित अपने घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद उसकी पत्नी गीता तिर्की (36 वर्ष) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने आक्रोश में आकर लकड़ी के डंडे से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों के मुताबिक मृतका अपने छोटे बेटे के साथ गांव में रहती थी, जबकि आरोपी पति और बड़ा बेटा गोवा में काम करते थे।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में हत्या की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना जारी है।

घटना के बाद गांव में भारी भीड़ जुट गई और क्षेत्र में शोक व आक्रोश का माहौल बना हुआ है।