‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान में 22 वारंटी गिरफ्तार, 23 आरोपी न्यायिक रिमांड पर

कोरबा । जिले में कानून- व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 22 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 1 स्थायी वारंटी भी शामिल है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं कटघोरा एएसपी नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के तीनों अनुभागों के अधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में 21 फरवरी 2026 को सघन दबिश अभियान चलाकर लंबे समय से फरार आरोपियों को पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार विभिन्न प्रकरणों में कुल 23 आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। ये सभी आरोपी न्यायालय द्वारा पूर्व में जारी गिरफ्तारी वारंट के बावजूद लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे थे।

पुलिस ने बताया कि योजनाबद्ध तरीके से सतत निगरानी कर यह सफलता प्राप्त की गई है।

नागरिकों से अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शांति और सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अपराध या अवैध शराब निर्माण/बिक्री की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत अपराधियों एवं वारंटियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।