केन्दईखार में अवैध कब्जों पर प्रशासन की कार्रवाई,शासकीय जमीन से हटाया गया बेजा कब्जा

कोरबा।नगर निगम कोरबा क्षेत्र के दर्री केन्दईखार में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बड़े भू-भाग पर बनाए गए कथित फार्म हाउस को अवैध मानते हुए कटघोरा एसडीएम कार्यालय की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और कब्जा खाली कराने का अभियान प्रारंभ किया।

जानकारी के अनुसार उक्त भूमि पर अवैध रूप से बड़े-बड़े फार्म हाउस बनाए गए थे। मामले की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय तक भी पहुंची थी। जांच के बाद 9 फरवरी को बेदखली आदेश जारी किया गया था और संबंधित पक्षों को 15 फरवरी तक भूमि खाली करने का समय दिया गया था। निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी कब्जा खाली नहीं किए जाने पर प्रशासन ने कार्रवाई की।

एसडीएम ने बताया कि शासकीय जमीन से अवैध कब्जे हटाने की प्रक्रिया जारी है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

कब्जा हटाने के दौरान क्षेत्र में तनाव की स्थिति भी बनी रही। मौके पर पुलिस बल, नगर निगम के कर्मचारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। वहीं कुछ स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विरोध भी दर्ज कराया।

प्रशासन का कहना है कि शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे।