शराब की लत ने कराई चोरी,वाहन बरामद
कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत पोखरी पारा, गायत्री नगर बस्ती में हुई एक्टिवा चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस्ती निवासी पंचराम यादव शुक्रवार को किसी काम से टीपी नगर गए थे। घर लौटने के बाद उन्होंने अपनी एक्टिवा घर के बाहर खड़ी की और भोजन करने अंदर चले गए। कुछ देर बाद बाहर आने पर वाहन गायब मिला। इसके बाद उन्होंने मानिकपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बस्ती के ही तीन युवक एक संदिग्ध एक्टिवा पर घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वाहन चोरी करना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज यादव, सुरेंद्र दास और वीरेंद्र दास के रूप में हुई है। सुरेंद्र और वीरेंद्र आपस में सगे भाई हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि तीनों दोस्त हैं और शराब की लत के चलते चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी वाहन को बेचकर उससे मिले पैसों से शराब पार्टी करने की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने चोरी की एक्टिवा बरामद कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















