“बाल विवाह मुक्त कोरबा” अभियान के तहत गांव-गांव जागरूकता
कोरबा। कोरबा जिले में “एक्सेस टू जस्टिस – जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन” अलायंस से जुड़ी हार्ड संस्था द्वारा 21 फरवरी को बाल विवाह मुक्ति रथ अभियान की शुरुआत की गई।
कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य “बाल विवाह मुक्त कोरबा” का लक्ष्य हासिल करना है। रथ के माध्यम से जिलेभर में प्रचार-प्रसार कर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सांसद महंत ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए बाल विवाह रोकने के लिए अपना सहयोग और समर्थन प्रदान किया।
रथ को रवाना करने के बाद माँ सर्वमंगला मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात रथ को जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों बालको, जामबहार, भटगांव, चुहिया, दोन्द्रों बेला, अजगरबहार, सतरेंगा सहित अन्य गांवों के भ्रमण के लिए भेजा गया।
भ्रमण के दौरान ग्रामीणों को एकत्रित कर बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 की जानकारी दी गई तथा बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के मार्गदर्शन एवं समन्वय की जिम्मेदारी हार्ड संस्था के डायरेक्टर सुशील शर्मा ने निभाई।
जिला कोरबा की जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन टीम ने भी अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
आयोजकों ने कहा कि समाज की सहभागिता से ही बाल विवाह जैसी कुप्रथा पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















