श्रमिक राजनीति में बड़ा फेरबदल

एटक के 70-75 पदाधिकारियों ने थामा हिंद मजदूर सभा का दामन

कोरबा। कोयला क्षेत्र की श्रमिक राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। एटक से जुड़े करीब 70-75 सदस्यों और पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा देकर हिंद मजदूर सभा (एचएमएस) की सदस्यता ग्रहण कर ली।

इस सामूहिक निर्णय में एटक दीपका के एरिया अध्यक्ष जीत सिंह, यूनिट अध्यक्ष मनमीत सिंह तथा सेफ्टी मेंबर राम नारायण राजवाड़े प्रमुख रूप से शामिल रहे। बताया जा रहा है कि इस बदलाव में एचएमएस के यूनिट जेसीसी राजकुमार राठौर की रणनीति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

प्रगति नगर स्थित स्नेह मिलन भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एटक से जुड़े पदाधिकारियों ने कोयला मजदूर सभा के जयघोष के साथ एचएमएस का दामन थामा। कार्यक्रम में एचएमएस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


मजदूर हितों की रक्षा का दावा
कोयला मजदूर सभा (एचएमएस) के वरिष्ठ श्रमिक नेता एवं स्टीयरिंग कमेटी सदस्य रेशम लाल यादव ने महामंत्री तरुण राहा के साथ नए सदस्यों को अंगवस्त्र और फूलमाला पहनाकर संगठन की सदस्यता दिलाई।

रेशम लाल यादव ने कहा कि एचएमएस सदैव मजदूरों के अधिकार, सुरक्षा और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है। नए साथियों के जुड़ने से संगठन और अधिक सशक्त होगा। उन्होंने दावा किया कि श्रमिक समस्याओं के समाधान में एचएमएस अन्य यूनियनों से आगे रहा है।

एचएमएस के महामंत्री तरुण राहा ने मजदूरों की एकजुटता को उनकी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि संगठन की नीतियां श्रमिक हितैषी हैं।

वहीं एटक छोड़कर एचएमएस में शामिल हुए जीत सिंह ने कहा कि मजदूरों के व्यापक हित और उनकी समस्याओं के प्रभावी समाधान को ध्यान में रखते हुए उन्होंने साथियों के साथ यह निर्णय लिया है। उनके अनुसार, एचएमएस के माध्यम से श्रमिकों की आवाज को और मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम का संचालन वेलफेयर मेंबर एस.डी. तिवारी ने किया। सदस्यता ग्रहण के बाद श्रमिक नेताओं ने ‘जिंदाबाद’ के नारों के साथ संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।