कटघोरा वनमंडल की कार्रवाई: करीब तीन लाख की साल लकड़ी जब्त, ट्रक छोड़कर चालक हुआ फरार

कोरबा। जिले में लकड़ी तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने आधी रात बड़ी कार्रवाई करते हुए साल प्रजाति की लकड़ी से भरा ट्रक जब्त किया है। मामला वनमण्डल कटघोरा के वनपरिक्षेत्र पसान अंतर्गत परिसर लैंगा के ग्राम रामपुर का है, जहां वन अमले की सतर्कता से अवैध परिवहन का खुलासा हुआ।

पसान रेंजर मनीष सिंह ने बताया कि 22 फरवरी की रात लगभग 12:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजस्व क्षेत्र में काटी गई साल लकड़ी का परिवहन ट्रक के माध्यम से किया जा रहा है। सूचना मिलते ही वनमण्डलाधिकारी कुमार निशांत को अवगत कराया गया, जिनके निर्देश पर तत्काल टीम गठित की गई।

उप वनमण्डलाधिकारी के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी पसान मनीष सिंह, वनपाल ईश्वरदास मानिकपुरी, परिक्षेत्र सहायक कौशल प्रसाद द्विवेदी, सुरक्षा श्रमिक भीमसेन सहित वन अमले ने घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। रात लगभग 1:40 बजे कक्ष क्रमांक ओ.ए. 650 में संदिग्ध वाहन का पीछा किया गया।

रामपुर से धवलपुर मार्ग में कुछ दूरी तय करने के बाद चालक ट्रक को लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गया।

तलाशी के दौरान ट्रक से साल प्रजाति के 15 नग लट्ठे बरामद किए गए, जिनकी कुल मात्रा 6.50 घन मीटर आंकी गई है।

जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये तथा ट्रक की कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है।

वन विभाग ने वाहन क्रमांक MP17HH3677 को जब्त कर भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 52, 55, 42 (i)(ii) एवं छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) अधिनियम की धारा 3 और 16 के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है। वाहन को अन्य चालक की सहायता से परिक्षेत्र कार्यालय लाया गया है।

फरार चालक की तलाश जारी है तथा वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर उसके मालिक और संबंधित व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध लकड़ी कटाई और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।