कोरबा।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा कोरबा नगर स्तर पर द्वितीय शारीरिक प्रतियोगिता का आयोजन 22 फरवरी को डॉ. राजेंद्र नगर स्थित दशहरा मैदान में किया गया। प्रातः 6.30 बजे से 8.30 बजे तक चले इस आयोजन में नगर की 22 शाखाओं से कुल 246 स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने प्रशिक्षण के आधार पर पदविन्यास, दण्डयुद्ध एवं नियुद्ध का अनुशासित एवं समयबद्ध प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने अपने कौशल, साहस और पराक्रम का परिचय देते हुए उत्कृष्ट शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनों के मूल्यांकन के लिए आंतरिक व्यवस्था की गई थी। विभिन्न चरणों में अंकों के आधार पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले तीन समूहों को ‘शाखा रत्न’ से पुरस्कृत किया गया।
नगर शारीरिक प्रमुख शत्रुहन प्रसाद वर्मा ने बताया कि शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में जिला से लेकर नगर स्तर तक विविध गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। स्वयंसेवकों की अभिरुचि और कौशल उन्नयन को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण संबंधी कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखा जाएगा।
कार्यक्रम का समापन भारत माता की वंदना के साथ हुआ।
आयोजन में विभाग संघचालक सत्येंद्र नाथ दुबे, विभाग कार्यवाह रामविलास पाल, उपनगर संघचालक अमृतलाल बत्रा, आशीष श्रीवास्तव, नगर कार्यवाह प्रोफेसर मृगेश यादव, भोजराम देवांगन सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















