संगठित समाज ही करेगा प्रगति : लखनलाल देवांगन

मां परमेश्वरी महोत्सव में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा है कि कोई भी समाज तभी प्रगति कर सकता है, जब वह एकता और संगठन शक्ति पर जोर दे। संगठित समाज को नेतृत्व का अवसर मिलता है और वह शिक्षा, व्यापार, शासकीय सेवा व राजनीति सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकता है।

वे देवांगन जनकल्याण समिति, दुर्ग द्वारा आयोजित मां परमेश्वरी महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने देवांगन समाज की इष्ट देवी मां परमेश्वरी की प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

मंत्री देवांगन ने समाज के लोगों से बालक-बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सम्मानजनक स्थान दिलाने का माध्यम है। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।

कार्यक्रम में खादी ग्रामोद्योग अध्यक्ष राकेश पाण्डेय ने महिलाओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

समाज के अध्यक्ष पुराणिक लाल देवांगन, कमलेश देवांगन, संकटलाल देवांगन,अशोक देवांगन, श्रीमती कल्पना देवांगन, श्रीमती तुलसी साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।