राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए अधिग्रहित जमीन की रजिस्ट्री पर रोक हटाने की मांग, विधायक फूलसिंह राठिया ने कलेक्टर को लिखा पत्र

कोरबा। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूलसिंह राठिया ने जमीन रजिस्ट्री पर लगी रोक को हटाने की मांग को लेकर कलेक्टर कोरबा को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग कोरबा–चांपा निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया के कारण कई गांवों में पिछले 18 महीनों से जमीन की खरीदी-बिक्री (रजिस्ट्री) पर प्रतिबंध लगा हुआ है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

विधायक ने बताया कि कुदरीखार, पंडरीपानी, नकटीखार, भुलसीडीह, डूमरडीह,केशलपुर, केशला, बेला रिसदी, दादर, खरमोरा सहित अन्य गांवों में रजिस्ट्री कार्य बंद होने से लोगों के निजी व आर्थिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जमीन के लेन-देन पर रोक के कारण ग्रामीणों को बैंकिंग, ऋण और पारिवारिक आवश्यकताओं में दिक्कतें आ रही हैं।

उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए इन गांवों में जमीन की रजिस्ट्री पुनः प्रारंभ करने हेतु आवश्यक आदेश जारी करने का अनुरोध किया है। विधायक के इस पत्र के बाद प्रभावित ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही इस संबंध में प्रशासन द्वारा सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।