तेज रफ्तार का कहर: मुड़ापार बाईपास पर ट्रेलर दुर्घटना में एक की मौत, चालक फरार

कोरबा। कोरबा शहर के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत मुड़ापार शारदा बाईपास मार्ग पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शुक्रवार रात लगभग 2 बजे की बताई जा रही है, जब एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक अन्य वाहन के चालक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक को संभलने का कोई मौका नहीं मिला और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, मृतक एक ट्रक चालक था, जिसके पास से ट्रक की चाबी मिली और दुर्घटनास्थल के निकट उसका ट्रक खड़ा पाया गया।

मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। फरार ट्रेलर चालक की तलाश के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

इस मार्ग पर पहले से ही स्थानीय निवासियों और वार्ड नंबर 28 के पार्षद गोपाल कुर्रे द्वारा भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने की मांग की जा रही थी, क्योंकि यह क्षेत्र आबादी से घिरा हुआ है। हादसे के बाद स्थानीय लोग फिर से इस मुद्दे को उठा रहे हैं और भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग या सख्त नियमों की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को ट्रेलर या चालक के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत सूचित करें। जांच जारी है।