कटघोरा-अंबिकापुर हाईवे पर भीषण हादसा: हाइवा-पिकअप टक्कर में दो की मौत, एक गंभीर

कोरबा।कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरगा चौकी के मोरगा-केंदई मार्ग में हसदेव पुल के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। हाइवा और पिकअप वाहन के बीच जोरदार टक्कर में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनके परखच्चे उड़ गए। हाइवा चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया था। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जबकि दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों मृतक बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया। लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों ने हाईवे पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।