पाली महोत्सव में लापरवाही: मोबाइल टॉयलेट ढंकने में CM के पोस्टर का इस्तेमाल, लोगो में आक्रोश

कोरबा-पाली।जिले में आयोजित दो दिवसीय पाली महोत्सव के दौरान स्थानीय प्रशासनिक लापरवाही का एक मामला सामने आया है, जिसने विवाद का रूप ले लिया है। महोत्सव में महिला-पुरुष दर्शकों की सुविधा के लिए नगर पंचायत एवं जनपद प्रशासन द्वारा चलित शौचालयों की व्यवस्था की गई थी।

बताया जा रहा है कि महिला प्रसाधन के लिए लाए गए एक मोबाइल टॉयलेट की टूटी हुई छत को ढंकने के लिए ऊपर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तस्वीर वाले फ्लेक्स पोस्टर का उपयोग कर दिया गया। फ्लेक्स इस तरह लगाया गया था कि उसका चित्र अंदर की ओर नीचे दिखाई दे रहा था, जिसे लेकर लोगों में नाराजगी और चर्चा का माहौल बन गया।

गौरतलब है कि महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित पाली महोत्सव राज्य सरकार के प्रमुख आयोजनों में शामिल है, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचते हैं। 15-16 फरवरी को आयोजित इस महोत्सव की विभिन्न व्यवस्थाएं जनपद और नगर पंचायत प्रशासन द्वारा की गई थीं।

आयोजन स्थल पर लाए गए कुछ चलित शौचालयों के छज्जे क्षतिग्रस्त थे। तात्कालिक व्यवस्था के तौर पर उन्हें ढंकने के लिए फ्लेक्स का उपयोग किया गया, लेकिन मुख्यमंत्री की तस्वीर वाले पोस्टर का चयन किए जाने को लेकर लोगों ने आपत्ति जताई है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि छत ढंकने के लिए अन्य वैकल्पिक सामग्री का उपयोग किया जा सकता था। प्रदेश के मुखिया की तस्वीर का इस प्रकार उपयोग प्रशासनिक असावधानी को दर्शाता है।

मामले के सामने आने के बाद संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं और इस संबंध में कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।