एकतरफा प्रेम में युवती के पिता पर फायरिंग,आरोपी गिरफ्तार पिस्टल व कारतूस जब्त

कोरबा। बालको नगर थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम के विवाद में एक युवक द्वारा युवती के पिता पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। घटना 18 फरवरी 2026 की रात लगभग 11 बजे की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी साहिल मसीह (उम्र 20 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर बालको, पिछले छह महीनों से प्रार्थी की नाबालिग बेटी का पीछा कर उसे परेशान कर रहा था। इस संबंध में 19 फरवरी 2026 को प्रार्थी द्वारा बालको नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।

रिपोर्ट के मुताबिक, 18 फरवरी की रात साहिल मोटर साइकिल से प्रार्थी के घर के पास पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए हंगामा करने लगा। जब प्रार्थी दरवाजा खोलकर बाहर आए, तो आरोपी ने कथित रूप से हत्या की नीयत से पिस्टल से फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनते ही प्रार्थी जमीन पर बैठ गए, जिससे वे बाल-बाल बच गए। आरोपी ने दोबारा फायर करने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चली।

शिकायत दर्ज होते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपी के घर की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी को हथियार कहां से और कैसे मिला। मामले में आगे की विवेचना जारी है।