9 वीं की छात्रा ने की आत्महत्या,गांव में पसरा मातम

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धमनागुड़ी से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां 15 वर्षीय छात्रा गीता महंत ने अज्ञात कारणों के चलते आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गीता महंत कक्षा 9वीं की छात्रा थी और नियमित रूप से विद्यालय जाती थी। घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सके।

फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों, सहपाठियों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही छात्रा के मोबाइल फोन और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किसी प्रकार का मानसिक दबाव या अन्य कारण इस घटना के पीछे तो नहीं है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। इस दुखद घटना से पूरा गांव स्तब्ध है और क्षेत्र में मातम का माहौल बना हुआ है।