कोरबा। दो दिवसीय पाली महोत्सव में इस वर्ष महिला स्व-सहायता समूहों को विशेष प्रोत्साहन दिया गया। जिला प्रशासन द्वारा कटघोरा की श्रीया महिला स्व-सहायता समूह को ‘गढ़ कलेवा’ स्टॉल संचालित करने की अनुमति प्रदान की गई, जहां पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की सुगंध और स्वाद ने महोत्सव में चार चांद लगा दिए।
महोत्सव में शामिल होने पहुंचीं कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने महिला समूह द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया और उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके प्रयासों और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की।
‘गढ़ कलेवा’ स्टॉल में छत्तीसगढ़ी चीला, फरा, चौसेला, बड़ा, पापड़, बड़ी, बिजोरी और अरसा जैसे पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध रहे, जिन्हें महोत्सव में आए अतिथियों और आमजन ने खूब पसंद किया। स्थानीय सहित बाहर से आए कलाकारों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों ने भी इन व्यंजनों का स्वाद लिया।
समूह अध्यक्ष नीलम सोनी ने बताया कि महोत्सव के पहले दिन जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने स्टॉल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने जिला प्रशासन और जिलाधीश का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिला समूहों को इस तरह के मंच मिलने से न केवल छत्तीसगढ़ी व्यंजनों को बढ़ावा मिलता है, बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त होने का अवसर भी मिलता है।
महिला समूह ने भविष्य में भी जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में इस प्रकार के आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाने की इच्छा जताई और सभी का धन्यवाद किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















