जल जीवन मिशन में अनियमितता, ठेकेदार पर गंभीर आरोप — पूर्व उपसरपंच ने कलेक्टर से की जांच की मांग

कोरबा जिले के ग्राम झाबर (दीपका) में नल-जल योजना के क्रियान्वयन में अनियमितताओं को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत भाजपा मंडल दीपका के उपाध्यक्ष एवं पूर्व उपसरपंच मुकेश जायसवाल द्वारा कलेक्टर कोरबा को सौंपी गई है।

शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत झाबर में संचालित नल-जल योजना के तहत नियुक्त ठेकेदार द्वारा कार्य में लापरवाही और अनियमितता बरती गई है।

योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने और अन्य निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी की गई, जिससे ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति नहीं मिल पा रही है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि सड़क खोदने के बाद उसे पूर्व स्थिति में नहीं लौटाया गया, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि योजना को शुरू हुए करीब तीन वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन आज तक कई घरों तक पानी की सुविधा सुचारू रूप से नहीं पहुंच सकी है।

शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि शासन की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ ग्रामवासियों को मिल सके।

फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है।