अवैध बॉक्साइट उत्खनन की जांच के दौरान मारपीट का आरोप; क्षेत्र में तनाव, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
बलरामपुर।जिले के कुसमी ब्लॉक अंतर्गत हंसपुर गांव में कथित मारपीट के बाद 62 वर्षीय ग्रामीण राम उर्फ रामनरेश की मौत के मामले में पुलिस ने एसडीएम करूण डहरिया समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया है। प्राथमिक विवेचना के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार 15 फरवरी 2026 की देर शाम हंसपुर जंगल क्षेत्र में तीन ग्रामीणों के साथ मारपीट की घटना हुई थी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान राम उर्फ रामनरेश की मृत्यु हो गई।
इस मामले में मर्ग क्रमांक 2/2026 कायम कर जांच प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान गवाहों के बयान और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर सामने आया कि एसडीएम करूण डहरिया अपने तीन साथियों के साथ कथित अवैध बॉक्साइट उत्खनन की जांच के लिए जंगल क्षेत्र पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान ग्रामीणों पर अवैध उत्खनन का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट की गई, जिससे वृद्ध की मौत हो गई।
पुलिस ने एसडीएम करूण डहरिया, विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह, मंजीत कुमार यादव और सुदीप यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 03/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 115(2) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए कुसमी थाना और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी भी हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















