हजारों सालों से समाज निर्माण में अग्रणी रहा कलचुरी समाज – स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल

कोरबा–कटघोरा। कोरबा जिले के पाली केराझरिया स्थित कल्चुरी भवन में कलचुरी कलार समाज का सामाजिक सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल रहे, जबकि अध्यक्षता सर्व वर्गीय कलार समाज के अध्यक्ष रामगोपाल डिक्सेना ने की।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि कलचुरी समाज सदियों से अग्रणी और संगठित समाज रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के निर्माण और विकास में कलचुरियों का ऐतिहासिक योगदान रहा है।

भगवान सहस्रबाहु की कृपा से राज महेश्वर से छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर लंबे समय तक शासन किया गया और समाज के उत्थान के लिए अनेक कार्य किए गए।

उन्होंने कहा कि हजारों वर्ष पूर्व ही पूर्वजों ने जल संरक्षण का महत्व समझ लिया था। रायपुर, रतनपुर और तुमान जैसे क्षेत्रों में बड़ी संख्या में तालाबों का निर्माण इसका प्रमाण है।

“6 आगर 6 कोरी” यानी कुल 126 तालाबों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह जल प्रबंधन की दूरदर्शी सोच का उदाहरण है।

स्वास्थ्य मंत्री ने इतिहास के संदर्भ में कहा कि समाज को अपने गौरवशाली अतीत को जानना और समझना चाहिए।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि प्रशांत मिश्रा,कलचुरी इतिहास एवं पुरातत्व विभाग के संयोजक कौनतेय जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष पाली अजय जायसवाल,महिला समाज जिला अध्यक्ष डॉ. शकुंतला जायसवाल, जिला अध्यक्ष जायसवाल समाज कल्याण समिति डॉ. राजेंद्र जायसवाल सहित अनेक अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सामाजिक भवन हेतु राशि उपलब्ध कराने तथा कटघोरा जटगा मोड़ के पास भगवान सहस्त्रबाहु चौक एवं गार्डन निर्माण के लिए पूर्व घोषित राशि शीघ्र जारी करने की मांग भी रखी गई। सम्मेलन में जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।