सीएसईबी खेल मैदान में होगा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का सामूहिक विवाह

10 फरवरी को आयोजित होगा कार्यक्रम, मुख्यमंत्री देंगे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से आशीर्वाद

कोरबा।छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत जिला प्रशासन कोरबा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन 10 फरवरी 2026 (मंगलवार) को किया जाएगा।

यह आयोजन फुटबॉल ग्राउंड, सीएसईबी पूर्व कोरबा में संपन्न होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: 9 बजे से किया जाएगा, जबकि प्रात: 10:30 बजे से अतिथियों का आगमन होगा। प्रात: 11 बजे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नव-विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।

इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद कोरबा लोकसभा श्रीमती ज्योत्स्ना चरणदास महंत करेंगी।

कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायकगण, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल होकर नव-दंपत्तियों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्रदान करेंगे।

जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग ने क्षेत्र के नागरिकों, परिजनों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर नव-दंपत्तियों को आशीर्वाद प्रदान करें।