विकसित भारत 2047 की दिशा में बजट ऐतिहासिक, 1000 से अधिक युवाओं ने जाना विकास का रोडमैप: सुशांत शुक्ला

कोरबा। विकसित भारत 2047 के संकल्प को युवाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला कोरबा द्वारा श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय में भव्य “बजट युवा संवाद कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 1000 से अधिक युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर केंद्र सरकार के बजट, रोजगार के अवसरों एवं भविष्य की योजनाओं को करीब से समझा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला रहे, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने की। संवाद के दौरान युवाओं को शिक्षा, स्टार्टअप, कौशल विकास, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर भारत से जुड़े बजट प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।

मुख्य वक्ता सुशांत शुक्ला ने कहा कि केंद्र सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास” के मंत्र के साथ 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बजट में शिक्षा के लिए 60 हजार करोड़, प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 80 हजार करोड़, रोजगार सृजन हेतु 1 लाख करोड़, कौशल उन्नयन के लिए 25 हजार करोड़ तथा उद्योग स्थापना के लिए 40 हजार करोड़ से अधिक का प्रावधान किया गया है। उन्होंने इसे किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं को समान अवसर देने, व्यापारियों को राहत देने और देश को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने वाला बजट बताया।

केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने अधोसंरचना एवं ग्रामीण विकास पर बजट के फोकस को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांव-गांव तक विकास पहुंचा है। उन्होंने बताया कि इस योजना के लिए 19 हजार करोड़, छत्तीसगढ़ के लिए 900 करोड़ और राष्ट्रीय राजमार्गों के लिए 3 लाख 10 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान विकास की गति को और तेज करेगा।

कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने बजट को युवाओं के लिए अवसरों से भरा बताया, वहीं वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, युवा मोर्चा एवं भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन युवाओं में राष्ट्र निर्माण के संकल्प और उत्साह के साथ हुआ।