जिला स्तरीय पशु मेला आयोजित

100 से अधिक पशुपालकों ने उन्नत नस्ल के पशु-पक्षियों का किया प्रदर्शन

कोरबा।पशुपालन विभाग की गतिविधियों के प्रचार-प्रसार एवं पशुपालकों को पशुपालन के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शनिवार को विकासखंड कोरबा अंतर्गत ग्राम सलिहाभांठा में जिला स्तरीय पशु मेला-प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। मेले में क्षेत्र के उन्नत नस्ल के पशु-पक्षियों की उत्कृष्ट प्रदर्शनी देखने को मिली।

कार्यक्रम में 100 से अधिक पशुपालकों ने अपने पशु-पक्षियों का प्रदर्शन किया और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मेले में सहभागिता की। उन्नत नस्ल के पशुओं के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने हेतु चयनित पशुपालकों को अतिथियों के करकमलों से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

जिला स्तरीय पशु मेले में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूलसिंह राठिया विशिष्ट रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम सलिहाभांठा की सरपंच श्रीमती अमिलाबाई कंवर ने की।

विशिष्ट अतिथियों में जिला गौधाम समिति के अध्यक्ष विनय कंवर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुष्मिता कमलेश अनंत, श्रीमती सावित्री अजय कंवर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती बिजमोती राठिया तथा जनपद पंचायत कोरबा की अध्यक्ष श्रीमती बिजमोती राठिया उपस्थित रहीं।

अतिथियों ने अपने संबोधन में पशुपालकों से उन्नत पशुपालन तकनीकों को अपनाने, वैज्ञानिक पद्धति से पशुपालन करने एवं विभागीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का एक प्रभावी माध्यम है।

जिला स्तरीय पशु मेला-प्रदर्शनी से पशुपालकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और उन्हें नवीन तकनीकों एवं उन्नत नस्लों की जानकारी प्राप्त हुई।