रेलवे ट्रैक को कबाड़ी के हवाले कर रहे थे कर्मी

जेसीबी ऑपरेटर सहित दो पर अपराध दर्ज, 25 लाख से अधिक का सामान जब्त

कोरबा।ईस्ट-वेस्ट रेल कॉरिडोर अंतर्गत गेवरा रोड–पेंड्रा रोड के बीच निर्माणाधीन नई विद्युतीकृत डबल रेलवे लाइन से जुड़े रेलवे ट्रैक चोरी मामले में पुलिस जांच के दौरान सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। प्रारंभ में इसे बाहरी कबाड़ चोरों की करतूत बताया जा रहा था, लेकिन विवेचना में सामने आया कि चोरी की साजिश कंपनी के भीतर ही रची गई थी।

शिवाकृति इंटरनेशनल लिमिटेड कंपनी की ओर से थाना कटघोरा में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें सिंघिया एवं सुतर्रा स्थित रेलवे साइड स्टोर से लोहे के स्लीपर व अन्य निर्माण सामग्री चोरी होने की जानकारी दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के नेतृत्व में जांच की गई।

कंपनी के कर्मचारियों, सुरक्षा गार्डों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि यह कोई हथियारबंद लूट या बाहरी डकैती नहीं, बल्कि संस्था में कार्यरत कर्मियों द्वारा पद का दुरुपयोग कर अंजाम दिया गया अपराध है।

जांच के आधार पर थाना कटघोरा में अपराध क्रमांक 43/2026 अंतर्गत धारा 316(5), 317(2), 317(3) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

जांच में सामने आया कि जेसीबी ऑपरेटर तेजबहादुर पटेल ने राहुल सिंह मरकाम के सहयोग से कई महीनों तक रेलवे निर्माण सामग्री की चोरी कर उसे कबाड़ी को बेच दिया।

आरोपियों ने अन्य कर्मचारियों को गुमराह करने एवं घटना को बाहरी चोरी दर्शाने के लिए दबाव भी बनाया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त जेसीबी वाहन, रेलवे लोहे के स्लीपर के टुकड़े तथा नगद राशि जब्त की है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख 6 हजार रुपये बताई गई है।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।