अटल स्मृति भवन के रूप में बनेगा भाजपा का नया जिला कार्यालय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे भूमिपूजन, जुटेंगे दिग्गज नेता

कोरबा।भारतीय जनता पार्टी ने कोरबा में नए और भव्य जिला कार्यालय के निर्माण का निर्णय लिया है। अटल स्मृति भवन के नाम से बनने वाले इस कार्यालय का भूमिपूजन एवं शिलान्यास 2 फरवरी, सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता, मंत्री, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।

भाजपा का यह नया कार्यालय रिस्दी रोड स्थित एफसीआई गोदाम के समीप 1.68 एकड़ भूमि पर निर्मित किया जाएगा। पार्टी संगठन ने नियमानुसार यह भूमि प्राप्त की है।

प्रस्तावित योजना के अनुसार,अधिकतम 18 माह के भीतर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त विशाल कार्यालय का निर्माण पूर्ण किया जाएगा।

भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने बताया कि संगठन के लगातार विस्तार, बढ़ती गतिविधियों और वर्तमान कार्यालय की सीमाओं को देखते हुए नए कार्यालय की आवश्यकता महसूस की गई। उच्च स्तर पर विचार-विमर्श के बाद इस दिशा में निर्णय लिया गया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।

यह भवन छत्तीसगढ़ राज्य के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी को समर्पित होगा।

अटल जी के राष्ट्रनिर्माण,सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और संगठनात्मक मजबूती के विचारों से प्रेरित होकर इस भवन को भाजपा के वैचारिक और संगठनात्मक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

इस भव्य आयोजन की संपूर्ण रूपरेखा, तैयारी और सफल क्रियान्वयन में भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी की सक्रिय भूमिका की पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा सराहना की जा रही है। उनके नेतृत्व में कोरबा भाजपा ने संगठनात्मक अनुशासन, समन्वय और सक्रियता के नए मानक स्थापित किए हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि गोपाल मोदी के नेतृत्व में कोरबा भाजपा निरंतर सशक्त होती जा रही है।

बताया गया है कि नए भवन का वास्तुशिल्प अंतिम रूप ले चुका है, जो अपने भव्य आकार और स्वरूप से हजारों कार्यकर्ताओं को आकर्षित करेगा। साथ ही यह आने वाले वर्षों में संगठन और जनता के बीच प्रभावी संवाद का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।