लोहे के पुल चोरी कांड में 5 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 15 बदमाशों की गिरफ्तारी

कोरबा। जिले में हसदेव बायीं तट नहर पर बने लोहे के पुल को गैस कटर से काटकर चुराने की सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सीएसईबी चौकी क्षेत्र के रशियन हॉस्टल के पास स्थित इस पुल की लोहे की रेलिंग को चुराने के मामले में 5 और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

इससे पहले दो अलग-अलग किश्तों में 10 आरोपियों को पकड़ा जा चुका था। कुल 15 बदमाशों की संगठित टीम ने 17 जनवरी की रात इस दुस्साहसिक अपराध को अंजाम दिया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और लगातार प्रयासों से आरोपियों की पहचान की।

अंतिम गिरफ्तारी में मनोज कुमार (बिहार के सिवान निवासी), राजीव कुमार, संदीप महंत, शिवनारायण सागर और आदित्य यादव (सभी कोरबा जिले के निवासी) को पकड़ा गया। इन सभी को कोर्ट में पेश कर अपराध की गंभीरता को देखते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 112(2), 317(2)(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस की जांच जारी है, जबकि बांकीमोंगरा में डकैती और चोरी के अन्य मामलों में भी पूछताछ चल रही है, जहां सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों के चेहरे कैद हुए हैं।