12-13 जून से प्री-मानसून गतिविधियां होंगी शुरू, जून के अंतिम सप्ताह में अच्छी बारिश की उम्मीद
कोरबा। केरल में इस वर्ष मानसून ने निर्धारित समय से करीब चार दिन पहले 4 जून को दस्तक दे दी है। इसके बाद कोरबा जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ के किसानों की निगाहें अब मानसून की प्रगति पर टिक गई हैं। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि जिले में खेती के लिए अनुकूल मानसूनी स्थिति 20 जून के बाद ही बन पाएगी।
जानकारी के अनुसार कोरबा जिले में मानसून की सामान्य आगमन तिथि 15 से 20 जून के बीच मानी जाती है। इस वर्ष भी 18 से 20 जून के बीच मानसून के जिले में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। वहीं 12 और 13 जून से प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होने के संकेत हैं, जिसके चलते हल्की बारिश, तेज हवाएं और धूलभरी आंधी देखने को मिल सकती है।
मानसून की संभावना को देखते हुए जिले के किसान खेती की तैयारियों में जुट गए हैं। कई किसानों ने खेतों की अकरस जुताई शुरू कर दी है, जबकि कुछ किसानों ने खुर्रा बोनी का कार्य भी प्रारंभ कर दिया है। किसानों को उम्मीद है कि समय पर बारिश होने से खरीफ फसलों की बुवाई सुचारू रूप से हो सकेगी।
जून के अंतिम सप्ताह पर टिकी उम्मीदें
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जून का पहला पखवाड़ा सामान्यतः गर्म, उमस भरा और अपेक्षाकृत शुष्क रहता है। मानसूनी हवाओं के पूरी तरह सक्रिय होने के बाद जून के अंतिम सप्ताह में बारिश का दौर तेज होता है। जिले में जून माह की कुल सामान्य वर्षा का लगभग 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा 24 से 30 जून के बीच ही दर्ज होता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि बंगाल की खाड़ी में मजबूत कम दबाव का क्षेत्र विकसित नहीं होता है तो जून माह की वर्षा सामान्य से कम रह सकती है। पिछले एक दशक में छह बार ऐसी स्थिति बनी, जब किसानों को जून के शुरुआती 20 दिनों तक सूखे जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।
गर्मी से मिलेगी राहत
प्री-मानसून गतिविधियों के शुरू होने के साथ ही भीषण गर्मी और उमस से कुछ राहत मिलने की संभावना है। हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को राहत महसूस होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

