‘अटल स्मृति भवन’ बनेगा संगठन की नई पहचान

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला कोरबा ने संगठन को नई ऊँचाई देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी के नवीन जिला कार्यालय का नाम ‘अटल स्मृति भवन’ रखा जाएगा, जो भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों, आदर्शों और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का जीवंत प्रतीक बनेगा।

इसकी घोषणा नवीन जिला कार्यालय के भूमिपूजन अवसर पर प्रेस क्लब, तिलक भवन, टी.पी. नगर में आयोजित भव्य मीडिया संवाद सह भेंटवार्ता कार्यक्रम में की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा, “सेवा ही संगठन है” के मूल मंत्र को आत्मसात कर पार्टी एक भव्य, आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त कार्यालय का निर्माण कर रही है।

यह भवन लगभग 1 एकड़ 68 डिसमिल भूमि पर बनेगा, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियाँ, प्रशिक्षण, वैचारिक विमर्श और जनसेवा के लिए उन्नत सुविधाएँ होंगी।

श्री मोदी ने बताया कि पुराना कार्यालय 1991 में लखीराम अग्रवाल जी द्वारा भूमिपूजन और 1993 में कुशाभाऊ ठाकरे जी द्वारा लोकार्पित हुआ था। नया ‘अटल स्मृति भवन’ केवल एक इमारत नहीं, बल्कि भाजपा की विचारधारा को मजबूत करने वाला वैचारिक केंद्र होगा।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री  लखनलाल देवांगन, विधायक  प्रेमचंद पटेल, कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, युवा मोर्चा जिला महामंत्री नरेंद्र देवांगन सहित पूर्व महापौर, वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भूमिपूजन समारोह 2 फरवरी 2026 को प्रदेश के मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय की मौजूदगी में संपन्न होगा, जिसकी तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं।

कार्यक्रम उत्साहपूर्ण रहा, जहाँ संगठन की भविष्य योजनाओं और जनसेवा संकल्प पर गहन संवाद हुआ।

भाजपा कार्यकर्ताओं में इस ऐतिहासिक पहल को लेकर खासा उत्साह है।