ब्लू बर्ड स्कूल के बाहर छात्र पर हमला, धक्का-मुक्की के बाद नुकीली वस्तु से वार

कोरबा। कोसाबाड़ी क्षेत्र में स्थित ब्लू बर्ड स्कूल के बाहर गुरुवार को एक छात्र पर कुछ युवकों द्वारा मारपीट और हमला किए जाने की घटना सामने आई है। हमले में छात्र को शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना की शुरुआत स्कूल परिसर में कक्षा के दौरान हुई, जब दो पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और गाली-गलौज हुई। इसके बाद स्कूल की छुट्टी होने पर छात्र जैसे ही बाहर निकले, मामला और बढ़ गया। बताया गया कि प्रियांशु, सुमित, नमन सहित 8-9 लड़कों ने पहले मारपीट की और फिर पीछे से नुकीली वस्तु से छात्र पर हमला कर दिया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल छात्र और उसके साथियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल द्वारा मामले की सूचना पुलिस चौकी को दी गई, जिसके आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है।

घटना ने शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने स्कूल परिसरों के बाहर इस तरह की गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।