ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर 80 हजार की डिमांड, 50 हजार लेते सहायक अभियंता रंगे हाथ गिरफ्तार

कोरबा/बिलासपुर।भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की सख्त कार्रवाई में कोरबा जिले के दीपका क्षेत्र से विद्युत विभाग का एक सहायक अभियंता रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया। एसीबी बिलासपुर की टीम ने CSPDCL (विद्युत विभाग) दीपका में पदस्थ सहायक अभियंता सत्येंद्र दिवाकर को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया है।

डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि ग्राम रलिया, जिला कोरबा निवासी श्यामता टंडन द्वारा शिकायत की गई थी कि ग्राम दर्री स्थित कृषि भूमि में ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए आवेदन देने के बाद सहायक अभियंता द्वारा निरीक्षण किया गया और चालान की प्रक्रिया के अलावा “नाश्ता-पानी” के नाम पर 80 हजार रुपये की मांग की गई।

आरोपी पहले ही 30 हजार रुपये ले चुका था और शेष 50 हजार रुपये की मांग कर रहा था।

शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। आज 28 जनवरी को प्रार्थी द्वारा तयशुदा राशि आरोपी के दीपका स्थित कार्यालय में दी गई, जिसे लेते ही एसीबी टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

रिश्वत की 50 हजार रुपये की राशि मौके से बरामद कर ली गई।

एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसीबी ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी विभाग में रिश्वत मांगे जाने पर तत्काल इसकी सूचना दें।