वसंत पंचमी पर कमला नेहरू महाविद्यालय में मां सरस्वती की पूजा, सुशिक्षा की कामना

कोरबा। वसंत पंचमी के पावन अवसर पर कमला नेहरू महाविद्यालय में श्रद्धा और उल्लास के साथ मां सरस्वती का भव्य पूजन-वंदन किया गया।

महाविद्यालय प्रांगण में स्थापित मां सरस्वती मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई, जिसमें प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं एवं समस्त महाविद्यालय परिवार शामिल हुआ।

प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में भूगोल विभागाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने पूजा संपन्न कराई।

पीताम्बर वस्त्र धारण कर उपस्थित महाविद्यालय परिवार ने मां वीणापाणि की आरती एवं वंदना करते हुए सभी के लिए सुशिक्षा, सद्बुद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान ऋतुराज वसंत के आगमन पर जीवन में हर्ष, उल्लास और सकारात्मकता के संचार की प्रार्थना की गई।

कार्यक्रम में वाणिज्य,अंग्रेजी,फॉरेस्ट्री,हिंदी,जूलॉजी, कंप्यूटर साइंस,आईटी,इतिहास,शिक्षा संकाय, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, सहायक एवं अतिथि प्राध्यापक, कार्यालयीन कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

सभी ने सामूहिक रूप से मां सरस्वती की उपासना कर ज्ञान, विवेक और संस्कार के पथ पर अग्रसर होने का संकल्प लिया।