कोरबा। ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला उपभोक्ता आयोग द्वारा ग्राम भटगांव में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों एवं सुरक्षित खरीदारी के तरीकों की जानकारी दी गई।
आयोग की अध्यक्षा श्रीमती रंजना दत्ता ने कहा कि उपभोक्ताओं को जहां संभव हो प्रत्यक्ष खरीदारी को प्राथमिकता देनी चाहिए। यदि ऑनलाइन खरीदारी करनी पड़े तो वस्तु की कीमत, गुणवत्ता, मात्रा, सेवा शर्तों एवं विक्रेता की विश्वसनीयता की पूरी जांच सोच-समझकर करें।
सदस्य सुश्री ममता दास एवं पंकज कुमार देवड़ा ने उपभोक्ताओं को बताया कि उन्हें किसी भी वस्तु या सेवा से संबंधित सभी शर्तों, बीमा, मेडिकल क्लेम, फाइनेंस कंपनियों, बैंकिंग एवं यातायात सेवाओं की जानकारी पाने का पूरा अधिकार है।
शिविर में यह भी बताया गया कि उपभोक्ता अपने हितों के विरुद्ध किसी संविदा या सेवा से परेशान होने पर ई-जागृति पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ई-फाइलिंग कर जिला उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। आयोग द्वारा उन्हें सुनवाई का पूरा अवसर प्रदान किया जाता है।
जिला आयोग में शिकायत दर्ज कराने हेतु वाद मूल्य के आधार पर पंजीयन शुल्क की जानकारी भी दी गई। 5 लाख रुपये तक के वाद पर शुल्क शून्य, 5 लाख से अधिक एवं 10 लाख से कम पर 200 रुपये, 10 लाख से अधिक एवं 20 लाख से कम पर 400 रुपये तथा 20 लाख से अधिक एवं 50 लाख से कम के वाद पर 1000 रुपये शुल्क निर्धारित है।
इस अवसर पर आयोग के कर्मचारी मनीराम श्रीवास, राजेश्वर इंगले, आनंद सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत भटगांव की सरपंच श्रीमती पूजा राठिया, सचिव सुरेश खुंटे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

