कटघोरा वनमंडल में बाघ गणना का दूसरा चरण शुरू, सॉफ्टवेयर का इंतजार

कोरबा। कोरबा जिले के अंतर्गत कटघोरा वनमंडल में बाघ गणना सर्वे का कार्य जारी है। वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी इन दिनों बाघ एवं अन्य हिंसक वन्य प्राणियों की उपस्थिति का पता लगाने के लिए जंगलों में सर्वे कर रहे हैं।

बाघ गणना के प्रथम चरण में 18, 19 एवं 20 जनवरी को वनकर्मियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लगभग 6 किलोमीटर तक पैदल भ्रमण कर जंगल का निरीक्षण किया, लेकिन इस दौरान न तो कहीं बाघ दिखाई दिए और न ही उनके पैरों के निशान मिले।

आज से बाघ गणना के द्वितीय चरण की शुरुआत की गई है, जिसमें फारेस्ट गार्ड व अन्य कर्मचारी प्रतिदिन लगभग 2 किलोमीटर तक पैदल चलकर जंगल में सर्वे करेंगे। यह चरण आगामी तीन दिनों तक चलेगा। इससे पूर्व कटघोरा वनमंडल के काष्ठागार स्थित सभा भवन में वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बाघ गणना को लेकर आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया गया था।

उल्लेखनीय है कि पूरे देश में बाघों की संख्या का आकलन करने के लिए यह सर्वे एवं गणना कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इधर, कोरबा वनमंडल में बाघ गणना के लिए सॉफ्टवेयर का इंतजार किया जा रहा है।

पूर्व में उपलब्ध कराया गया सॉफ्टवेयर खराब हो जाने के कारण यहां गणना का कार्य प्रारंभ नहीं हो सका। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जैसे ही नया सॉफ्टवेयर उपलब्ध होगा, बाघ गणना का कार्य विधिवत शुरू कर दिया जाएगा।