कोरबा । नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 29 मुड़ापार में सफाई व्यवस्था को लेकर सियासत गरमा गई है। वार्ड की गलियों में जगह-जगह कचरे के ढेर और नालियों से निकली गंदगी का उठाव नहीं होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस और विपक्षी पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू और कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर के संयुक्त नेतृत्व में विपक्षी पार्षदों ने वार्ड का दौरा किया। इस दौरान नेताओं ने हाथों में झाड़ू और फावड़ा लेकर सांकेतिक रूप से सफाई की और निगम की व्यवस्था पर सवाल उठाए।
नवरात्रि से पहले गंदगी को लेकर नाराजगी
विपक्षी नेताओं का कहना है कि वार्ड में जगह-जगह कचरा जमा होने से स्थानीय रहवासियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गलियों में फैली गंदगी और बदबू से लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। नवरात्रि जैसे पर्व के दौरान भी सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
नेताओं ने आरोप लगाया कि नालियों से निकाला गया कचरा गलियों में ही छोड़ दिया गया है। इसके बाद निगम का स्वास्थ्य अमला उसे उठाने की सुध नहीं ले रहा है। इससे वार्ड में गंदगी लगातार बनी हुई है।
झाड़ू-फावड़ा लेकर किया सांकेतिक सफाई प्रदर्शन
वार्ड के हालात का जायजा लेने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर और अन्य विपक्षी पार्षदों ने निगम प्रशासन के प्रति आक्रोश व्यक्त किया। नेताओं ने खुद झाड़ू और फावड़ा थामकर सांकेतिक रूप से कचरा उठाया।
इस प्रदर्शन के जरिए विपक्ष ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मांग की कि वार्ड में जमा कचरे का तत्काल उठाव कराया जाए और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो निगम मुख्यालय का घेराव
विपक्षी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम प्रशासन ने जल्द ही पूरे वार्ड में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की और कचरे का समुचित उठाव सुनिश्चित नहीं किया, तो जनता के साथ मिलकर निगम मुख्यालय का घेराव किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना निगम की जिम्मेदारी है और इस मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रदर्शन में पार्षद और वार्डवासी रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर सहित विपक्षी पार्षद, कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय वार्डवासी शामिल हुए। प्रदर्शन के माध्यम से वार्ड की सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग उठाई गई।
अब निगाहें नगर निगम प्रशासन पर हैं कि वह वार्ड क्रमांक 29 मुड़ापार में सफाई व्यवस्था सुधारने और जमा कचरे का उठाव कराने के लिए कितनी जल्दी कार्रवाई करता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















