कोरबा।जिले में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों का कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने गुरुवार को सीएसईबी ग्राउंड पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, झांकियों के एंट्री-एक्जिट प्लान तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की। कलेक्टर ने सभी व्यवस्थाएं तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह की अंतिम रिहर्सल 24 जनवरी को आयोजित की जाएगी।
कलेक्टर ने निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय को आयोजन स्थल पर मंच निर्माण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी शासकीय कार्यालयों के प्रभारियों को समय से पूर्व भवनों में प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
गणतंत्र दिवस पर आयोजित परेड में सीआईएसएफ, पुलिस, नगर सेना, एनसीसी एवं स्काउट-गाइड की टुकड़ियां शामिल होंगी। समारोह सुबह 9 बजे प्रारंभ होगा, जिसमें मुख्य अतिथि द्वारा मुख्यमंत्री के छत्तीसगढ़वासियों के नाम संदेश का वाचन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी- कर्मचारियों, डॉक्टरों, पुलिस एवं स्वास्थ्य कर्मियों सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
जिला स्तरीय समारोह में विभिन्न विभागीय योजनाओं की चलित झांकियों का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















