स्टंट कर रील बनाने वाले चार स्कॉर्पियो चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त

कोरबा।लोकमार्ग पर तेज गति व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्टंट कर रील बनाने वाले चार स्कॉर्पियो चालकों के विरुद्ध थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने चारों काले रंग की स्कॉर्पियो जब्त कर वाहन चालकों को गिरफ्तार किया है, वहीं वाहनों में सवार बच्चों के पालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी गई।

पुलिस के अनुसार 19 जनवरी 2026 को चार काली स्कॉर्पियो (सीजी 12 बीएस 7298, सीजी 12 बीएल 3201, सीजी 12 बीएल 7861 एवं सीजी 12 बीएच 8214) बालको से आईटीआई चौक, कोसाबाड़ी, सुभाष चौक, निहारिका, घंटाघर, महाराणा प्रताप चौक व सीएसईबी चौक होते हुए महाराजा होटल तक तेज गति व खतरनाक तरीके से चलाई जा रही थीं। वाहनों में सवार लोग खिड़कियों से बाहर झांकते हुए हाथ निकालकर शोर मचाते और तेज संगीत बजाते नजर आए। इस दौरान बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध क्रमांक 56/2026 धारा 281 बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों स्कॉर्पियो जब्त कर वाहन चालकों पवन यादव (निवासी भूलसीडीह), चंद्र कुमार कर्श (निवासी एसईसीएल सुभाष ब्लॉक), रोहित पटेल (निवासी चंद्रनगर बरमपुर) एवं मोहम्मद सहजाद खान (निवासी बरमपुर, कोरबा) को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने स्टंट करते हुए रील बनाने वाले बच्चों के पालकों को सुरक्षित यात्रा, सीट पर बैठने तथा यातायात नियमों के पालन को लेकर समझाइश दी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह के स्टंट और यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है।