कमला नेहरू महाविद्यालय में एसआईआर व मतदाता जागरूकता पर केंद्रित रैली, नुक्कड़ नाटक और प्रतियोगिताएं

कोरबा।निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) एवं मतदाता जागरूकता को केंद्र में रखते हुए विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से आमजन को मतदाता सूची अद्यतन करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।

इस क्रम में बुधवार 21 जनवरी को प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर के नेतृत्व में महाविद्यालय परिसर से पुराना बस स्टैंड तक मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने एसआईआर के महत्व और मतदान के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया। रैली के पश्चात पुराना बस स्टैंड में छात्र-छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित नागरिकों ने सराहा।

वहीं गुरुवार 22 जनवरी को महाविद्यालय परिसर में रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने रंग-बिरंगी रंगोली और आकर्षक चित्रों के माध्यम से एसआईआर प्रक्रिया का महत्व दर्शाया और मतदाताओं से इस अनिवार्य प्रक्रिया से जुड़ने की अपील की।

महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि आगामी दिनों में भी मतदाता जागरूकता से जुड़े अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ा जा सके।