कोरबा।रशियन हॉस्टल के पास नहर पुल में लगे लोहे के पुल/रेलिंग को गैस कटर से काटकर चोरी करने के मामले में कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 आरोपियों में से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से एक टाटा एस (छोटा हाथी) वाहन, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, गैस कटर मशीन, ऑक्सीजन सिलेंडर, एलपीजी सिलेंडर, मोबाइल फोन एवं ₹6,000 नकद बरामद किए गए हैं। साथ ही आरोपियों की निशानदेही पर लगभग 5 टन कटी हुई लोहे की रेलिंग भी जप्त की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी द्वारा चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी कि 17 जनवरी 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल में लगे लोहे के पुल/रेलिंग को गैस कटर से काटकर चोरी कर लिया।
शिकायत पर अपराध क्रमांक 53/2026 धारा 303(2), 112(2), 317(2)(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल एवं चौकी सीएसईबी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और लगातार पतासाजी के आधार पर कुल 15 आरोपियों की पहचान की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में लोचन केवट, जयसिंह राजपूत, मोती प्रजापति, सुमित साहू और केशवपुरी गोस्वामी उर्फ पिच्चर शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार की है।सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या चोरी से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















