बलौदाबाजार। जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम बकुलाही स्थित रियल इस्पात स्टील प्लांट में क्लिनिकल फर्नेस (डीएससी कोल कीलन) के दौरान हुए जोरदार विस्फोट में छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद संयंत्र परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 9:30 से 9:40 बजे के बीच उस समय हुई जब फर्नेस के पास प्लेटफार्म पर मजदूर सफाई कार्य कर रहे थे। अचानक हुए विस्फोट की चपेट में आकर मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। ब्लास्ट के कारण गर्म कोयला और अत्यधिक तापमान से छह श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, भाटापारा ग्रामीण पुलिस, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भाटापारा मरचुरी भेजा गया है।
घायलों को पहले भाटापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि इस हादसे की गहन जांच होनी चाहिए। यह स्पष्ट किया जाना जरूरी है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं तथा संयंत्र में आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे या नहीं।
कलेक्टर दीपक सोनी और एसपी भावना गुप्ता ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल छह मजदूरों की मौत और चार के घायल होने की जानकारी है। पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर मौजूद हैं। घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा संयंत्र प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















